इटारसी। अंतत: हॉकी मध्य प्रदेश जबलपुर ने राजेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता वाले जिला हॉकी संघ को संबद्ध इकाई (अधिकृत) घोषित कर दिया है। हॉकी मध्य प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी लोक बहादुर के हस्ताक्षर से जारी पत्र क्रमांक एचएमपी/ एसीओयू/ 2025 दिनांक 3 /7 /25 में कहा गया है कि यह प्रमाणित किया जाता है कि जिला हॉकी संघ नर्मदापुरम /होशंगाबाद हॉकी मध्य प्रदेश की एक संबंद्ध इकाई है, जिसमें राजेंद्र सिंह तोमर अध्यक्ष, साजिद मलिक सचिव, सर्वजीतसिंह सैनी कोषाध्यक्ष हैं।
हॉकी संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अब स्पष्ट है कि हॉकी नर्मदापुरम ही अधिकृत संघ है, यह हॉकी खिलाडिय़ों की जीत है। श्री तोमर ने सभी वरिष्ठ हॉकी खिलाडिय़ों, हॉकी प्रेमियों और शुभचिंतकों को सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया। श्री तोमर ने बताया कि उन्होंने एमपी हॉकी इंडिया जूनियर मेन एवं वूमेन नेशनल चैंपियंस के लिए 9 एवं 10 एवं 12 एवं 13 जुलाई को ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए खिलाडिय़ों को अनुशंसा पत्र प्रदान कर दिए थे, ताकि खिलाडिय़ों को कोई असुविधा न हो।
हॉकी मैदान पर भी ताला
पिछले दिनों हॉकी संघ को लेकर चल रहे विवाद के बीच नपा ने गांधी स्टेडियम स्थित कार्यालय पर ताला डाल दिया था, पर सोमवार को जब हॉकी खिलाड़ी सुबह प्रैक्टिस के लिए मैदान पर पहुंचे तो वहां भी ताला लगा हुआ था। संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि यह अभी तक पता नहीं चला है कि गांधी मैदान पर किसने ताला डाला है और खिलाडिय़ों को प्रेक्टिस करने से रोका है। यह बहुत ही गलत है क्योंकि यदि यह नपा द्वारा किया गया है तो उसे इसका अधिकार नहीं है, मैदान नपा की संपत्ति नहीं है, यह खेल विभाग को हस्तांतरित हो चुका है। संघ इस बात की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से करेगा। श्री तोमर ने कहा कि लोग संघ की लड़ाई को अपने अहम का मुद्दा न बनाएं, और इस तरह की हरकतें कर खिलाडिय़ों के भविष्य से खिलवाड़ न करें।
इनका कहना है…
गांधी मैदान पर नगर पालिका ने ताला नहीं लगाया है। दीपसिंह ठाकुर फीडर सेंटर के अधिकृत कोच हैं, चाबी उन्हीं के पास रहती है।
पंकज चौरे, अध्यक्ष नगर पालिका








