इटारसी। आदिवासी बाहुल्य ब्लॉक केसला की खेल प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय पटल पर अपनी चमक बिखेर रही हैं। पीएम श्री शासकीय स्कूल जमानी की कक्षा 9वीं की छात्रा रेशमा तेकाम का चयन 69वीं राष्ट्रीय शालेय कबड्डी 14 वर्ष बालिका प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
आंध्र प्रदेश में दिखाएंगी दम
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता आंध्र प्रदेश के गुदिवाडा में आगामी 19 से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। रेशमा इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी रेड और डिफेंस का कौशल दिखाएंगी।
खंडवा में जीत से खुला राष्ट्रीय स्तर का रास्ता
खटामा गांव की निवासी रेशमा तेकाम ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कड़ा संघर्ष किया है। हाल ही में खंडवा के खालवा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रेशमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की थी, जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय टीम के लिए किया गया है।
एक छोटे से गांव खटामा से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने पर रेशमा को बधाई देने वालों का तांता लगा है। पीएम श्री स्कूल जमानी के शिक्षकों, केसला ब्लॉक के खेल प्रेमियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि रेशमा आंध्र प्रदेश में भी जीत का परचम लहराकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।









