इटारसी। शहर की जर्जर सडक़ों के कारण परेशान नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना ‘कायाकल्प-2’ के तहत सडक़ निर्माण प्रारंभ होने से पहले शहर की प्रमुख सडक़ों की मरम्मत का काम आखिरकार शुरू हो गया है, इसके बाद निर्माण का काम भी शुरु होगा।
नई ठेका कंपनी ने वर्तमान में सोनासांवरी नाका के पास से पुरानी रोड के गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया है।पुरानी खामियों को सुधारा जा रहामिली जानकारी के अनुसार, नई ठेका कंपनी ने काम शुरू करने से पहले पिछली ठेका कंपनी द्वारा किए घटिया कार्य में सुधार करने का निर्णय लिया है। यह सुनिश्चित करने के बाद ही मुख्य निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा, ताकि भविष्य में रोड की गुणवत्ता बनी रहे।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे पहले ही यह आश्वस्त कर चुके हैं कि जर्जर सडक़ों की मरम्मत और कायाकल्प की सडक़ों का काम जल्द शुरू होगा। डामर प्लांट मानसून के कारण बंद था, जो अब चालू हो चुका है, जिससे काम में तेजी आने की संभावना है।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर फोकस
शुरुआत में, कंपनी जर्जर हो चुकी सडक़ों के गड्ढों की मरम्मत पर ध्यान केंद्रित कर रही है। काम प्रारंभ होने के साथ ही बस स्टैंड से एसीसी तिराहा तक रोड के बीच बने बड़े गड्ढों को भरने का काम भी शुरू होगा। इन गड्ढों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती थीं, जिनकी संभावना अब कम हो जाएगी।
मरम्मत और नई रोड निर्माण के बाद, नागरिकों को सडक़ों पर उड़ती धूल और गड्ढों से उत्पन्न होने वाली असुविधा से भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सडक़ें दुरुस्त होने के बाद, न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी। नागरिकों को उम्मीद है कि यह काम तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।









