इटारसी। वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर रोटरी क्लब नर्मदापुरम रॉयल द्वारा सामाजिक सरोकार की एक सराहनीय मिसाल पेश की गई। शुक्रवार को सुखतवा स्थित सांदीपनि विद्यालय की प्राइमरी विंग में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की 275 छात्राओं को कड़ाके की ठंड से राहत देने के लिए स्वेटर और ब्लेजर का वितरण किया गया।
275 छात्राओं के चेहरे पर आई मुस्कान
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9वीं की छात्राओं को ब्लेजर एवं कक्षा केजी-1 से लेकर 8वीं तक की छात्राओं को गर्म स्वेटर प्रदान किए गए। रोटरी क्लब के अध्यक्ष, समाजसेवी एवं एडवोकेट अनुपम दुबे के नेतृत्व में पूरी टीम ने इस सेवा कार्य में अपना सहयोग दिया। इस वितरण से लाभान्वित होकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
इस अवसर पर अनुपम दुबे अध्यक्ष, रोटरी क्लब नर्मदापुरम रॉयल, अशोक साहू पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, साहू समाज, सुशील बरखड़े मंडल अध्यक्ष, केसला मंडल, अजय साहू मंडल महामंत्री, रोटरी टीम से सचिव प्रशांत नागर, प्रदीप गिल्ला, आमीन राइन, विपिन जैन, रूपेश फौजदार, महावीर जैन और मुकेश राजपूत मौजूद रहे।
स्वेटर वितरण के साथ-साथ विद्यालय के बच्चों और स्टाफ के बीच रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों द्वारा प्रस्तुत ट्राइबल नृत्य आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जिसकी सभी उपस्थित अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप सिंह राजपूत ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवा कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने स्मरण कराया कि पिछले वर्ष भी क्लब द्वारा 300 बच्चों को जूते (शूज) वितरित किए थे और इस वर्ष भी छात्राओं की जरूरत को समझते हुए स्वेटर वितरण का यह नेक कार्य किया गया है।









