इटारसी। रेल मदद हेल्पलाइन और आरपीएफ की मुस्तैदी से एक बुजुर्ग पिता अपने बेटे से सुरक्षित मिल सके। अहमदाबाद के रहने वाले 70 वर्षीय कुंजा दास, जो मानसिक रूप से थोड़े अस्वस्थ हैं, हाजीपुर से अहमदाबाद जाते समय ट्रेन से कहीं उतर गए थे। आरपीएफ इटारसी ने उन्हें ढूंढकर उनके परिवार को सौंप दिया।
कैसे मिली सूचना?
26 दिसंबर 2025 को सहेंद्र दास ने हेल्पलाइन नंबर 139 पर फोन करके बताया कि उनके पिता कुंजा दास ट्रेन नंबर 19484 से यात्रा कर रहे थे, लेकिन वे रास्ते में कहीं खो गए हैं। उन्होंने अपने पिता का फोटो और हुलिया भी व्हाट्सएप पर भेजा।
पुलिस ने ऐसे ढूंढा
सूचना मिलते ही आरपीएफ थाना प्रभारी मनीष पाण्डेय ने टीम को अलर्ट किया। पुलिस ने स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे चेक किए, जिसमें बुजुर्ग व्यक्ति दिखाई दिए। इसके बाद आरक्षक जसवंत सिंह ठाकुर और राकेश मीणा ने स्टेशन परिसर में तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बुजुर्ग व्यक्ति स्टेशन की पार्किंग के पास बैठे मिले। फोटो से मिलान करने पर उनकी पहचान कुंजा दास के रूप में हुई।
सम्मान के साथ रखा और खिलाया खाना
आरपीएफ ने बुजुर्ग को सुरक्षित थाने लाकर उनके बेटे को सूचना दी। बेटे ने अहमदाबाद से आने में समय लगने की बात कही, तब तक आरपीएफ के जवानों ने बुजुर्ग के रहने और खाने-पीने का पूरा इंतजाम किया।
बेटे की आंखों में आए आंसू
अगले दिन यानी 27 दिसंबर को बेटा सहेंद्र दास इटारसी पहुंचा। सहायक उप निरीक्षक राजेश सिंह ने कागजी कार्यवाही पूरी कर पिता को उनके बेटे के हवाले किया। एक-दूसरे को देखकर पिता और पुत्र दोनों भावुक हो गए। बेटे ने आरपीएफ इटारसी का हाथ जोड़कर धन्यवाद किया और पुलिस की इस मदद की सराहना की।









