इटारसी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इटारसी रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाने के सामने बने नए ब्रिज के पास नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई शुरू की है। यह कार्रवाई यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई है, क्योंकि इन वाहनों के कारण यात्रियों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
काफी समय से यह देखा जा रहा था कि वाहन चालक अपने वाहन नियम विरुद्ध तरीके से इस क्षेत्र में खड़े कर देते थे। कई बार तो ऐसे वाहन चालक भी पाए गए जो अपने वाहन यहां खड़े करके भोपाल या अन्य स्थानों पर चले जाते थे और शाम को लौटते थे, जिससे यह जगह पूरी तरह जाम हो जाती थी। यह लोग पैसे बचाने के चक्कर में रेलवे की अधिकृत और सुरक्षित पार्किंग का उपयोग नहीं करते थे। कार्रवाई के दौरान, RPF की टीम ने नो-पार्किंग में खड़े कई वाहनों पर व्हील लॉक लगाए हैं। इसके अलावा, कुछ वाहनों को एक-दूसरे से चेन डालकर बांध दिया गया है।

इन सभी वाहनों पर अब नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। RPF ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे भविष्य में अधिकृत पार्किंग का ही उपयोग करें ताकि ऐसी असुविधा और जुर्माने से बचा जा सके।









