इटारसी। रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की एक संयुक्त टीम ने आज इटारसी रेलवे स्टेशन पर बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों में शामिल 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भोपाल से आई आरपीएफ की विशेष टीम, असिस्टेंट कमांडेंट और स्थानीय आरपीएफ स्टाफ द्वारा की गई। अवैध गतिविधियों पर नकेल टीम ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर अचानक दबिश दी।
इस दौरान अवैध वेंडरों, यात्रियों से जबरन पैसे वसूलने वाले किन्नरों, महिलाओं और बिना टिकट प्लेटफॉर्म पर घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों पर शिकंजा कसा गया। पकड़े सभी लोगों को आरपीएफ थाने लाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद, उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए। इन सभी पर कानूनी कार्रवाई करते हुए उन पर जुर्माना लगाया गया।
शिकायतों के आधार पर हुई कार्रवाई
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि पिछले काफी समय से स्टेशन पर अवैध वेंडिंग और बिना टिकट घूमते संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके अलावा, कई यात्रियों ने किन्नरों द्वारा जबरन वसूली की शिकायत भी की थी। इन सभी शिकायतों को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। आरपीएफ थाना प्रभारी अनुराधा मिश्रा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध वेंडरों, बिना टिकट घूमते लोगों और जबरन वसूली करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।









