इटारसी। सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, मालवीय गंज का वार्षिक उत्सव गरिमामय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा और अनुशासन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेंद्र मिश्र रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के पूर्व छात्र एवं कीरतपुर पशु आहार संयंत्र के प्रबंधक डॉ. सुनील चौधरी उपस्थित थे। दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया।
शिक्षा के साथ राष्ट्रबोध का संगम
स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यालय समिति के उपाध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल एक स्कूल नहीं, बल्कि राष्ट्रबोध और संस्कारों का निर्माण करने वाली प्रयोगशाला है। मुख्य अतिथि वीरेंद्र मिश्र ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम करने की सलाह दी, वहीं डॉ. सुनील चौधरी ने अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा करते हुए नैतिक मूल्यों पर जोर दिया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति नृत्य, समूह गीत और नाट्य प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया। वार्षिकोत्सव के दौरान सालभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक उपलब्धियां, खेल गतिविधि श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य रविशंकर यदुवंशी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और आचार्यगणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक और पूर्व छात्र उपस्थित रहे।









