इटारसी। तवा बांध के गेट जुलाई माह में खुल सकते हैं? इस सवाल का जवाब वे लोग तलाश रहे हैं, जिनको इस मानसूनी मौसम में तवा बांध के गेट से गिरते पानी को निहारने जाना है, जो लोग तवा बांध के पास पिकनिक और सैर-सपाटा के लिए जाना चाहते हैं। ऐसे लोगों के लिए फिलहाल जवाब देना मुश्किल है।
तवा बांध में अभी जुलाई माह के गवर्निंग लेबल का पानी आने में करीब दो फिट पानी की जरूरत है, जैसे पचमढ़ी, बैतूल जिले में बारिश हुई है, उसे देखकर कहा जा सकता है कि जुलाई माह के अंत होने से पूर्व ही यह लेबल मिल जाएगा। बावजूद इसके बांध के गेट खुलेंगे? जवाब यही है कि फिलहाल नहीं। अभी पॉवर हाउस को बिजली बनाने पानी दिया जाएगा, और यदि तवा बांध में पानी आने की रफ्तार तेज रही और यह लगातार बनी रही तो संभवत: बांध प्रबंधन बांध के गेट खोलने का निर्णय ले।
आज सुबह 8 बजे बांध में जलस्तर 1155.60 तक पहुंचा है, जो जुलाई के लेबल 1158 से करीब सवा दो फिट कम है। बांध की कुल जलभराव क्षमता 1166 फिट है, इस तरह अभी बांध में 71 प्रतिशत पानी भरा है, पिछले चौबीस घंटे में बांध क्षेत्र में बारिश रुकी हुई है, पचमढ़ी में भी अधिक बारिश नहीं हुई है। बैतूल से आने वाले पानी से बांध का जलस्तर बढ़ेगा।








