- – विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें बेहतर भविष्य गढऩे के लिए किया प्रेरित
नर्मदापुरम। पूरे प्रदेश के साथ ही नर्मदापुरम (Narmadapuram) जिले में भी स्कूल चलें हम अभियान (School Chalen Hum Abhiyan) का शुभारंभ 17 जुलाई को हुआ। सभी जिला अधिकारियों ने स्कूलों में जाकर बच्चों को पढ़ाया और उन्हें जीवन में शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। कलेक्टर नर्मदापुरम नीरज कुमार सिंह (Collector Narmadapuram Neeraj Kumar Singh) भी स्कूल चलें हम अभियान के शुभारंभ के अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नर्मदापुरम (Government Excellent School Narmadapuram) पहुंचे।
उन्होंने स्कूल में कक्षा 11वीं एवं 12 वीं के बच्चों को रोचक ढंग से राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर (Ramdhari Singh Dinkar) की कविता कुरुक्षेत्र का पाठ कराया। कविता पाठ से पूर्व कलेक्टर श्री सिंह ने बच्चों को बताया कि साहित्य हमारे जीवन को दिशा देने में बहुत उपयोगी है। साहित्य के माध्यम से मनुष्य में अनेक मूल्यों का विकास होता है जो जीवन को सार्थक बनाने में सहायक होते हैं। इसके पश्चात कलेक्टर ने बच्चों को कुरुक्षेत्र कविता का पाठ कराया और प्रत्येक पंक्ति में युधिष्ठिर (Yudhishthir) और भीष्म पितामह ( Bhishma Pitamah) के बीच हुए संवाद को सरल शब्दों में रोचक ढंग से बताया। बच्चों ने भी बड़ी जिज्ञासा के साथ शिक्षक के रूप में आए कलेक्टर को सुना। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि यह कविता महाभारत युद्ध की कथावस्तु पर आधारित है। इसमें कवि ने मानवीय संघर्षरत जीवन की समस्या अधिकार, अहंकार, अज्ञानता का विश्लेषण किया है।
युद्ध से सम्बंधित अनेक पहलुओं पर विचार विनिमय करते हुए इस काव्य के माध्यम से हम विनम्रता, क्षमाशील, कठिन परिश्रम, न्यायसंगत जैसे गुणों को अपनाकर हम अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं। इसके पश्चात कलेक्टर श्री सिंह ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें करियर मार्गदर्शन भी दिया। स्कूल चले हम अभियान के शुभारंभ के अवसर पर शाजापुर जिले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को लाइव प्रसारण के माध्यम जिले के सभी स्कूलों के बच्चों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान के संदेश को सुना। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी शत्रुंजय सिंह बिसेन, प्राचार्य शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय श्रीमती साधना बिलथरिया एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।