- – भट्टी निवासी शिवशंकर वर्मा और छोटू चौधरी का सुराग नहीं
- – एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम कर रही तलाश
इटारसी। तीखड़ जमानी नहर में रविवार शाम डूबे दो युवकों की तलाश में चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन 24 घंटे बाद भी जारी है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस बड़े पैमाने पर चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान एक अज्ञात शव भी मिला है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है।
घटना और डूबे हुए युवक
डूबे युवकों की पहचान ग्राम भट्टी निवासी शिवशंकर उर्फ धन्नू वर्मा और छोटू चौधरी के रूप में बतायी जा रही है, जिनकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। पथरोटा थाना प्रभारी संजीव कुमार पवार ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी महिला के मुताबिक, दोनों युवक जमानी की बड़ी नहर के पास पानी पीने उतरे थे। इस दौरान एक युवक का पैर फिसल गया, और उसे बचाने के प्रयास में दूसरा युवक भी नहर के तेज बहाव में बह गया। घटनास्थल के पास से दोनों युवकों की मोटरसाइकिल भी मिली है, जिससे उनके नहर में डूबने की आशंका पुख्ता हुई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवकों की तलाश का अभियान चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर है। पुलिस के गोताखोरों तथा स्थानीय लोगों की मदद से युवकों की तलाश की जा रही है। फिलहाल, युवकों के नहर में डूबने के स्पष्ट कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। प्रशासन ने आसपास के लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।









