इटारसी। 44 वीं राज्य स्तरीय जूनियर खो-खो प्रतियोगिता के लिए नर्मदापुरम जिले की टीम का चयन ट्रायल 5 दिसंबर को पिपरिया में आयोजित किया जाएगा। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जबलपुर में 12 से 14 दिसंबर तक आयोजित होनी है, जिसमें चयनित खिलाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष बशारत खान ने बताया कि होशंगाबाद जिले के बनखेड़ी, पिपरिया, सोहागपुर, बाबई, नर्मदापुरम, सिवनी मालवा और केसला ब्लॉक के खिलाड़ी इस ट्रायल में भाग ले सकते हैं।
महत्वपूर्ण पात्रता मानदंड
- आयु सीमा : जिला खो-खो संघ सचिव अश्विनी मालवीय के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 की स्थिति में खिलाड़ी की उम्र 18 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- इंडेक्स अनुपात : खिलाड़ी का इंडेक्स अनुपात जिसमें आयु, वजन और ऊंचाई शामिल होती है, 250 से अधिक नहीं होना चाहिए।
- दस्तावेज : ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों को अपने साथ जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया के प्रभारी अरविंद शर्मा, जिला खो-खो संघ नर्मदापुरम, रहेंगे।








