इटारसी। समाज के हर वर्ग को मान-सम्मान देने की अनूठी पहल करते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ इटारसी ने एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। डिस्ट्रिक्ट द्वारा निर्धारित थीम ‘साड़ी से स्वाभिमान’ के अंतर्गत शहर के घरों में काम करने वाली महिलाओं घरेलू सहायिकाओं के लिए एक रैंप वॉक और सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
पहली बार मंच पर आईं होम मेकर्स
शहर के नमक रेस्टोरेंट में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 13 महिलाओं ने हिस्सा लिया। ये वे महिलाएं हैं जो रोजमर्रा के जीवन में हमारे घरों को संभालने में मदद करती हैं, लेकिन उन्हें शायद ही कभी मंच मिलता है। क्लब की अध्यक्ष श्रीमती सविता आर साहू ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य इन महिलाओं के आत्म-सम्मान को बढ़ाना और उन्हें मुख्यधारा से जोडऩा है।
मुख्य आकर्षण
- रैंप वॉक : जीवन में पहली बार इन महिलाओं ने आत्मविश्वास के साथ रैंप पर वॉक किया, जिसे देखकर हॉल तालियों से गूंज उठा।
- क्राउन और सम्मान : प्रतियोगिता में तीन विजेताओं को क्राउन पहनाया गया। खास बात यह रही कि किसी में हीन भावना न आए, इसलिए क्लब ने सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम को बीना अग्रवाल और डॉ. खुशबू अग्रवाल ने बखूबी संचालित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मीणा मूरावाला, नेहा खंडेलवाल, मिनोती बनर्जी, मनजीत सोखी, इंदिरा अग्रवाल, नमिता खंडेलवाल और शोभा राजपूत का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









