इटारसी। नर्मदा नदी को प्रभावित करने वाले तीनों बांध बरगी, बारना और तवा बांध के गेट खुले हैं, इससे नर्मदा के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। तवा बांध के सात गेट 10 फिट तक खोले गये हैं जिनसे तवा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। आज सुबह 6 बजे तवा बांध का जलस्तर 1160.50 फीट था, जो 15 अगस्त के निर्धारित गवर्निंग लेबल से भी अधिक है।

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे हेतु जारी अलर्ट चेतावनी, तथा तवा बांध के जल संग्रहण क्षेत्र में हो रही निरंतर वर्षा से बांध में जल की आवक को देखते हुए, तवा बांध के बढ़ते जलस्तर को स्थिर रखने हेतु 26 जुलाई 2025 को प्रात: 6 बजे तवा बांध के 7 जलद्वारों को 10 फीट (प्रत्येक ) खोलकर 108458 क्यूसेक अतिरिक्त जल की निकासी की जा रही है।
उधर रायसेन जिले के बारना एवं जबलपुर के पास बरगी जलाशय से भी अतिरिक्त जल की निकासी की जा रही हैं। प्रशासन ने तवा एवं नर्मदा नदी के किनारे बसे हुए गांव के लोगों को सतर्क रहने व नदी किनारे न जाने हेतु कहा है।








