इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित साईं विद्या मंदिर स्कूल में प्रभु ईशु के जन्मदिवस क्रिसमस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में प्रेम, दया और कौमी एकता की अलख जगाई।
सभी धर्मों के प्रति सम्मान का संदेश
स्कूल संचालक आलोक गिरोटिया ने बताया कि विद्यालय में सभी धर्मों के त्योहारों को समान महत्व दिया जाता है। इसी परंपरा के तहत क्रिसमस पर प्रार्थना, क्षमा और आपसी प्रेम की शिक्षा का प्रसार किया गया। बच्चों ने अपने ईसाई समुदाय के साथियों को गले मिलकर बधाई दी।
मिल-जुलकर मनाई खुशियां
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि जैसे हिंदुओं में दीपावली, मुस्लिमों में ईद और सिखों में गुरु पर्व का महत्व है, वैसे ही क्रिसमस भी खुशियां बांटने और सजावट का आनंदपूर्ण उत्सव है।
- केक और उपहार – इस अवसर पर बच्चे विशेष रूप से अपने लंच में केक लेकर आए थे, जिसे उन्होंने अपने सहपाठियों मसीह, जॉर्ज और डेनियल के साथ साझा किया।
- सांस्कृतिक प्रस्तुति – बच्चों ने मधुर गीतों पर नृत्य कर सभी का मनोरंजन किया।
उपहार वितरण – स्कूल प्रशासन की ओर से सभी बच्चों को टॉफियां वितरित की गईं।
आदर्शों को जाना
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को जीसस क्राइस्ट के जन्म की कथा सुनाई गई और उन्हें माता मरियम के आदर्शों एवं ईश्वरीय इच्छा के प्रति उनके समर्पण के बारे में जानकारी दी गई। अंत में प्राचार्य ने सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।









