इटारसी। राठी कॉलोनी स्थित 12 बंगला और नाला मोहल्ला की रेलवे ठंडी पुलिया पर महीनों से जमा कीचड़ और पानी की गंभीर समस्या का तत्काल समाधान कर दिया गया है। स्थानीय निवासियों ने रविवार को राज्यसभा सांसद माया नारोलिया को इस समस्या से अवगत कराया था।
समस्या की गंभीरता को समझते हुए, सांसद नारोलिया ने तत्काल सुधार के लिए अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सांसद के निर्देश के बाद, रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य योगेंद्र राजपूत ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने सोमवार की सुबह तीन पुलियाओं के पास पहुंचकर सफाई कर्मियों से कीचड़ और जमा पानी को निकालने का काम पूरा करवाया। इस त्वरित प्रयास से स्थानीय वार्ड वासियों को वर्षों पुरानी समस्या से बड़ी राहत मिली है। वार्ड वासियों ने इस समस्या के समाधान के लिए योगेंद्र राजपूत और पूर्व वार्ड सदस्य धूरिया का आभार व्यक्त किया है।









