- अनाधिकृत व्यक्तियों की पहचान कर स्टेशन परिसर से बाहर किया, यात्रियों को किया सतर्क
इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के इटारसी और बीना स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अनाधिकृत गतिविधियों पर नियंत्रण रखने एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने हेतु रेल सुरक्षा बल द्वारा विशेष गश्त एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
इटारसी स्टेशन पर आरपीएफ उप निरीक्षक पिंकी झारिया एवं सहायक उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह ने दिनभर चलाए अभियान के तहत प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय एवं सर्कुलेटिंग एरिया में सतत गश्त की गई। इस दौरान अनधिकृत व्यक्तियों को हटाया एवं यात्रियों को एसीपी (अलार्म चेन पुलिंग), ड्रगिंग, ट्रैफिकिंग, लिटरिंग, ट्रेस पासिंग, ज्वलनशील पदार्थ का निषेध, महिला सुरक्षा, रेल मदद 139, एवं यात्री सामान की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
यात्रियों को सलाह दी गई कि वे स्टेशन परिसर में पुल का प्रयोग करें, किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार न करें, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें एवं कूड़ा कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। इसके अतिरिक्त यात्रियों से यात्रा के दौरान मोबाइल को चार्जिंग पर लगाकर न छोडऩे की भी अपील की गई। रेल सुरक्षा बल का यह अभियान यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर जारी रहेगा।








