इटारसी। पुरानी इटारसी क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के तहत मतदाता सूची को त्रुटि मुक्त और शुद्ध बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोकतंत्र की बुनियाद मजबूत करने के लिए, मतदान केंद्र क्रमांक 146 से 154 के बीच अनुपस्थित, स्थानांतरित, और दोहरी प्रविष्टियों वाले मतदाताओं के नामों का वाचन किया गया।
इस कार्यक्रम में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, गणमान्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। कार्यक्रम में नगर पालिका के उपाध्यक्ष निर्मल राजपूत, वार्ड पार्षद दिलीप गोस्वामी, वरिष्ठ नागरिक मधुसूदन यादव, सुपरवाइजर बीके धुर्वे और विभिन्न बीएलओ कमलेश दमालकर, राजेश अरक्का, साधना शुक्ला आदि उपस्थित रहे।
वार्ड पार्षद दिलीप गोस्वामी ने शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने में रात-दिन मेहनत करने वाले सभी अधिकारियों, बीएलओ, और कर्मचारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह प्रयास चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और लोकतंत्र में नागरिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









