इटारसी। चौरिया कुर्मी समाज महासंघ द्वारा 26 अक्टूबर, रविवार को प्रदेश स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन शहर के साईं कृष्णा रिसोर्ट में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। गुरुवार को महासंघ की बैठक इटारसी में संपन्न हुई, जिसमें समाज के अध्यक्ष नवीन पटेल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
उन्होंने बताया कि समारोह में समाज के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने कक्षा 10 वीं और 12वीं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। साथ ही उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में लगभग 150 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले समाजसेवी और फौजियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर के लिए आयोजन समिति ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना प्रारंभ कर दिया है। बैठक में पप्पू पटेल, बीके पटेल, अभिषेक पटेल, शिव मोहन चौरे, गिरधारी चौरे और बबलू पटेल सरपंच, निमसाडिय़ा सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे। प्रदेश स्तरीय इस समारोह में भोपाल, इंदौर, अमरावती, नागपुर, पुणे, होशंगाबाद तथा इटारसी सहित विभिन्न शहरों से समाज की प्रतिभाएं शामिल होंगी।








