सिवनी मालवा। आगामी रबी फसल की कटाई को देखते हुए एसडीएम विजय राय ने ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक कर नरवाई (फसल अवशेष) प्रबंधन हेतु कड़े निर्देश जारी किए हैं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि खेतों में आग लगाना प्रतिबंधित है और उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जागरूकता अभियान अंतर्गत पटवारी, सचिव और कृषि विभाग का अमला ग्राम चौपाल लगाकर किसानों को नरवाई न जलाने की समझाइश देगा। हर गांव में भूसा संग्रहण केंद्र के लिए शासकीय भूमि चिन्हित की जाएगी, जहां एकत्र भूसा स्थानीय गौशालाओं को भेजा जाएगा। किसानों को बेलर मशीन के जरिए नरवाई के बंडल बनाकर उन्हें उद्योगों में भेजने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। एसडीएम ने अपील की है कि जमीन की उर्वरा शक्ति और पर्यावरण बचाने के लिए किसान भाई नरवाई प्रबंधन में प्रशासन का सहयोग करें।









