इटारसी। शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इटारसी के विद्यार्थियों द्वारा शिक्षा और खेल के क्षेत्र में अर्जित की गई विभिन्न उपलब्धियों के लिए कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों को भी सम्मानित किया, जिनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों ने यह मुकाम हासिल किया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि दीपक अठोत्रा उपस्थित रहे। प्राचार्य एनपी चौधरी एवं उपप्राचार्य उपेंद्र साहू ने पुष्पगुच्छ भेंट कर श्री अठोत्रा का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के टॉपर सम्मानित
मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत विद्यालय की दो मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। स्कूटी पाने वाले विद्यार्थियों में बालिका वर्ग की टॉपर अनुराधा राजपूत (कॉमर्स संकाय) और बालक वर्ग से श्याम सावरकर (कॉमर्स संकाय) शामिल थे। इस अवसर पर उन शिक्षकों का भी विशेष सम्मान किया, जिन्होंने इन विद्यार्थियों को सफलता के शिखर तक पहुंचाया। सम्मानित शिक्षकों में कॉमर्स संकाय प्रमुख श्रीमती अमृता मालवीय, कमल पवार और सीताराम लावस्कर शामिल थे। अंतरराष्ट्रीय संस्था हार्टफुलनेस एवं राष्ट्रमंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हार्टफुलनेस निबंध प्रतियोगिता 2024 में उत्कृष्ट निबंध लिखकर प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया।
विद्यार्थियों को मिली नई बस की सौगात
सम्मान समारोह के साथ ही, सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों को एक बड़ी सौगात मिली। विद्यालय को एक नई बस प्राप्त हुई है। विधायक प्रतिनिधि दीपक अठोत्रा ने विद्यालय प्राचार्य एनपी चौधरी और ट्रांसपोर्ट समिति के प्रभारी देवेंद्र पटेल एवं सह प्रभारी रंजिता धुर्वे के साथ मिलकर नई बस का विधिवत निरीक्षण किया।
निर्माणाधीन भवन के कार्य का निरीक्षण
मुख्य अतिथि श्री अठोत्रा ने इस दौरान सांदीपनि विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं प्राचार्य एनपी चौधरी और अन्य सदस्यों के साथ निर्माणाधीन विद्यालय भवन के कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने शासकीय इंजीनियर कुश चिमनिया के साथ मिलकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता को परखा और आवश्यक निर्देश दिए।








