इटारसी। इटारसी-नर्मदापुरम मुख्य मार्ग पर जिंद बाबा के पास स्थित पुल और नाला मोहल्ला मार्ग की अत्यंत खराब हालत को लेकर स्थानीय संस्था संडे फाउंडेशन (रजि.) ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संस्था ने इस संबंध में एसडीएम, इटारसी को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर इन क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
गड्ढों और दरारों से खतरा
संडे फाउंडेशन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इटारसी-नर्मदापुरम मुख्य मार्ग पर जिंद बाबा के पास पुल पर और इसके साथ ही रेलवे स्टेशन-नयायार्ड मार्ग पर नाला मोहल्ला में बड़े-बड़े गड्ढे और दरारें हो गई हैं, जिसके कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- दुर्घटना का भय : इन गड्ढों और दरारों से गुजरने वाले वाहन चालकों को गंभीर जोखिम उठाना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
- असंतुलन का डर : विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए ये गड्ढे असंतुलित होकर फिसलने का कारण बन रहे हैं।
- आवागमन में बाधा : सड़क की खस्ताहाली के कारण आवश्यक सेवाओं के आवागमन में भी बाधा आ रही है।
मानसून के बाद बदतर स्थिति
संस्था ने बताया है कि नाला मोहल्ला मार्ग तो लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। हाल ही में हुए न्यू यार्ड और डोलरिया में भी गड्ढों के कारण यह मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है। मानसून का दौर समाप्त होने के बाद यह स्थिति और भी खराब हो चुकी है, जिससे यह सड़क क्षेत्रीय परिवहन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होने के बावजूद बदहाली का शिकार है।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील
संडेश फाउंडेशन के अध्यक्ष राम सेवक ओझा और सदस्यों ने एसडीएम से अनुरोध किया है कि वे इन क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण कराकर गड्ढों और दरारों की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराएं। संस्था ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान देकर सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।








