इटारसी। विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर, तहसील विधिक सेवा समिति इटारसी ने 10 दिसंबर 2025 को शासकीय जनजातीय महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास में एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। यह आयोजन राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, नर्मदापुरम के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में ज़िला न्यायाधीश आदित्य रावत ने अपने उद्बोधन में बताया कि उच्चतम न्यायालय ने जनहित याचिका के माध्यम से मूल अधिकारों को मानव अधिकारों के समीप ला दिया है। श्री रावत ने ज़ोर दिया कि मानवाधिकार व्यक्ति के भौतिक, नैतिक, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक उत्थान के लिए आवश्यक और अपरिहार्य हैं, जिनके संरक्षण के लिए देश के सभी न्यायालय प्रतिबद्ध हैं।
प्रतियोगिता और विजेता
इस प्रतियोगिता में छात्राओं से मानव अधिकार और भारतीय संविधान पर प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाली विजेता छात्राओं कुमारी रंजना जोठे, कुमारी वंदना धुर्वे, कुमारी श्वेता धुर्वे, कुमारी साधना बचले, कुमारी तनीषा सराठे और कुमारी रोशनी यादव को पेन उपहार में दिए। इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक श्रीमती शीला मालवीय, शिक्षक नीरज सोनी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।









