इटारसी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए, न्यास कॉलोनी स्थित साईं विद्धा मंदिर स्कूल के बच्चों ने आज शहर के बीचों-बीच स्थित अटल पार्क का भ्रमण किया। यह भ्रमण बच्चों की स्वच्छ सर्वेक्षण में सहभागिता सुनिश्चित करने और उन्हें प्रकृति से सीधे जोडऩे के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
नपाध्यक्ष ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
इस अवसर पर, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बच्चों और स्कूल स्टाफ को शहर की स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई। उन्होंने शहर को यह संदेश दिया कि हम सभी को सबसे पहले स्वयं को, फिर घर को, और उसके बाद स्कूल व अपने परिवेश को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। नपाध्यक्ष ने स्कूल संचालक आलोक गिरोटिया, मनीषा गिरोटिया, समस्त स्कूल स्टाफ के सदस्यों और नन्हें मुन्ने बच्चों को शपथ दिलाते हुए कहा कि वे नगर पालिका परिषद द्वारा शहर की स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों में सक्रिय सहभागी बनें और शहर के पर्यावरण को शुद्ध बनाने में योगदान दें।
कचरा पृथक्करण पर जोर
शपथ के माध्यम से बच्चों को कचरा प्रबंधन की बारीकियां सिखाई गईं। उन्हें यह बताया गया कि कैसे व्यर्थ खाद्य सामग्री (गीला कचरा), रैपर, कागज, धूल, पन्नियों (सूखा कचरा) जैसी वस्तुओं को अलग-अलग संग्रहित करना है। बच्चों को घर, आसपास, बाज़ार या स्कूल में कचरे को केवल डस्टबीन में ही डालने का संकल्प दिलाया गया, ताकि शहर को कचरा मुक्त बनाया जा सके।
स्कूल संचालक ने बताया कि एक्सकर्शन के दौरान बच्चों को कई रोचक गतिविधियां भी कराई गईं, जिसका किंडर गार्टन के बच्चों ने खूब आनंद लिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस पखवाड़े में बच्चों को एजुकेशनल एक्सकर्शन के लिए विभिन्न स्थानों पर ले जाया जाएगा।









