इटारसी। विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (एसएआर) के तहत वार्ड 23 में बीएलओ द्वारा 197 बूथ का लक्ष्य 934 वोटर पूरा कर लिया गया। इसी क्रम में वार्ड 23 के पार्षद राकेश जाधव ने झुग्गी बस्तियों में पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक किया।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे इस विशेष अभियान में पार्षद राकेश जाधव ने बीएलओ रवि सिंह, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कल्पना भारती सैनी और शीला बंगौती के साथ मिलकर घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद किया। टीम ने प्रपत्र भरने में आने वाली समस्याओं को समझा और मौके पर ही उनका समाधान किया।
इस दौरान नए मतदाताओं के पंजीयन, पते में बदलाव, नाम सुधार एवं मृत मतदाताओं के नाम विलोपन जैसी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई। पार्षद राकेश जाधव ने कहा कि मजबूत और पारदर्शी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए मतदाता सूची का त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है।








