इटारसी। शहर के वरिष्ठ एवं समर्पित पत्रकार बलराम मिश्रा का भोपाल स्थित निजी अस्पताल में निधन के पश्चात यहां इटारसी में शांतिधाम श्मशानघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा साईं नगर न्यू यार्ड स्थित उनके निवास स्थान से निकाली गई। खेड़ा स्थित शांति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बलराम मिश्रा की अंतिम यात्रा में गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं अनेक क्षेत्रों की हस्तियां शामिल हुई जिन्होंने अपनी नम आंखों से बलराम मिश्रा को अंतिम विदाई दी। 43 वर्षीय बलराम मिश्रा का अल्प समय से स्वास्थ्य खराब चल रहा था, जिनका उपचार भोपाल स्थित एक निजी चिकित्सालय में किया जा रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। पत्रकार बलराम मिश्रा के निधन की खबर से पत्रकारिता जगत सहित संपूर्ण शहर में शोक की लहर छा गई।
पत्रकार बलराम मिश्रा का निधन इटारसी के पत्रकार जगत का ऐसा नुकसान है जो कभी पूरा नहीं हो सकता। वे शांतचित्त, सरल स्वभाव और निष्कलंक छवि के पत्रकार थे। न कभी विवादों में पड़े, न दिखावे की दौड़ में शामिल हुए। उनका जीवन सादगी, स्पष्ट सोच और ईमानदारी का प्रतिरूप था। हर बीट पर उन्होंने निष्पक्षता और निष्ठा से कार्य कर शहर में एक मिसाल कायम की। वे न केवल कुशल पत्रकार, बल्कि सच्चे मित्र और सज्जन व्यक्ति थे। उनका असमय जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।








