शिवपुर। पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी मोनू सोलंकी (पारधी) के पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, चार मोबाइल फोन और करीब 25 क्विंटल मक्का सहित कुल 3 लाख 28 हजार रुपये का मशरुका बरामद किया गया है।
नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बनाडा निवासी फरियादी शीशराम जाट के खेत के गोडाउन से बीते दिसंबर माह में अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर 25 क्विंटल मक्का, इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धावड़ाघाट निवासी मोनू पारधी मंडी के पास बिना नंबर की प्लेटिना मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर जब उसे हिरासत में लिया, तो उसकी जैकेट की जेब से चार अलग-अलग कंपनियों ओप्पो, टेक्नो, रियलमी के मोबाइल बरामद हुए।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूल किया कि उसने ये मोबाइल और मोटरसाइकिल बीती 7-8 मार्च की दरमियानी रात दगड़खेड़ी के पास स्थित खेत के टप्परों से चोरी किए थे। इसके अलावा आरोपी ने पूर्व में इटारसी बाजार क्षेत्र से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और ग्राम बारंगा थाना छिपाबड़ से एक अन्य प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके ठिकाने से चोरी की गई 25 क्विंटल मक्का भी बरामद कर ली है, जो उसने सफेद बोरियों में छुपाकर रखी थी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विवेक यादव, एएसआई अनिल ठाकुर, प्रधान आरक्षक सुनील मरकाम, विशाल भदौरिया, आरक्षक ओमप्रकाश जाट, पवन तिवारी, शिवम जोशी, महिला आरक्षक प्रीति चौहान और चालक विष्णु सनकत की मुख्य भूमिका रही।









