इटारसी। न्यास कॉलोनी में पिछले एक वर्ष से दूषित पानी की आपूर्ति का मामला तूल पकडऩे के बाद नगर पालिका ने एक्शन लिया है। वार्ड पार्षद एवं सभापति अमृता मनीष ठाकुर ने इंदौर की जल त्रासदी का हवाला देते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कड़ा पत्र लिखा तो आज नगर पालिका का अमला हरकत में आया।
श्रीमती ठाकुर ने पत्र में चेतावनी दी थी कि यदि जर्जर पाइप लाइन के कारण कोई जनहानि होती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी अधिकारियों की होगी। उन्होंने प्रशासन द्वारा टेंडर और तकनीकी बहानेबाजी कर काम टालने पर कड़ा रोष व्यक्त किया था। पत्र का संज्ञान लेते हुए आज नगर पालिका की टीम ने बम बाबा दरबार क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच में आधा दर्जन घरों में गंभीर रूप से गंदे पानी की समस्या पाई गई।
सब इंजीनियर आदित्य पांडेय ने बताया कि दूषित पानी के स्रोत लीकेज पॉइंट को फिलहाल कट कर दिया गया है। चूंकि पुरानी पाइप लाइन घरों के भीतर से गुजरी है, इसलिए वहां मशीन ले जाना संभव नहीं है। निर्णय लिया है कि अगले 3 से 4 दिनों में ऊपर से नई पाइप लाइन बिछा दी जाएगी। इस अवधि के दौरान प्रभावित क्षेत्र में नगर पालिका द्वारा टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। नागरिकों ने प्रशासन से इस कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने की मांग की है।









