इटारसी। खेल प्रेमियों के लिए उत्साह और ऊर्जा का केंद्र बने श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल प्रशाल खेड़ा में सोमवार को ऑल इंडिया फुटबॉल नर्मदापुरम गोल्ड कप का भव्य शुभारंभ हुआ। स्व. पंकज गोयल की स्मृति में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन फाइटर फुटबॉल क्लब एवं जिला फुटबॉल संघ नर्मदापुरम द्वारा किया जा रहा है।
गुरुकुल नर्मदापुरम की संघर्षपूर्ण जीत
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला यांग बॉयस क्लब और गुरुकुल नर्मदापुरम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंतत: गुरुकुल नर्मदापुरम ने बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए 1-0 से मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
डीएफए बैतूल का दबदबा
दिन का दूसरा मैच शिवाजी क्लब बैतूल बनाम डीएफ बैतूल के बीच संपन्न हुआ। इस मुकाबले में डीएफए बैतूल की टीम पूरी तरह हावी रही और विपक्षी टीम को 3-0 के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
गरिमामयी उपस्थिति और अतिथि
प्रतियोगिता के प्रथम मैच के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, नगर पालिका उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत एवं अनु बंजारा उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना की सराहना की। दूसरे मैच में स्व. पंकज गोयल के परिवार से नीरज गोयल, अमित गोयल और श्रीमती ज्योति गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आयोजक और गणमान्य नागरिक
फाइटर फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल और कोच भागवत सिंह राजपूत ने बताया कि इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। आयोजन में निपुण गोठी, किशोर पांडे, अजय चौधरी, रितेश शर्मा, निलेश चौधरी, मौसम रघुवंशी, श्याम सिंह, नीरज यादव, गोलू दबंग और क्लब के अन्य सदस्य जैसे प्रवीण तंवर, सचिन वर्मा, सागर रैकवार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे। आज के मैचों में रैफरी की भूमिका कमल सिंह ठाकुर, दाल चंद्र जी, अंकित गोस्वामी और राकेश रैकवार ने निभाई। मैदान पर खेल की तौसीब खान ने किया।









