इटारसी। रबी सीजन के दौरान किसानों की बढ़ती आवक और उनकी सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कृषि उपज मंडी समिति, इटारसी ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। 14 मार्च शनिवार को मंडी प्रांगण में नीलामी कार्य सामान्य दिनों की तरह चालू रहेगा।
आमतौर पर माह के द्वितीय शनिवार को अवकाश रहता है, लेकिन वर्तमान में रबी की फसलों की कटाई और मंडी में उपज की बिक्री के दबाव को देखते हुए मंडी सचिव ने यह आदेश जारी किया है। बुधवार, 11 मार्च को मंडी कार्यालय में अनुज्ञप्ति धारी व्यापारियों की एक विशेष बैठक आयोजित की थी, जिसमें सर्वसम्मति से शनिवार को मंडी खुली रखने का फैसला लिया।
मंडी सचिव ने समस्त कृषकों, अनुज्ञप्तिधारी व्यापारियों, हम्माल और तुलावटियों को सूचित किया है कि 14 मार्च को नीलामी प्रक्रिया संचालित होगी। किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी कृषि उपज विक्रय हेतु मंडी प्रांगण में ला सकते हैं। इस निर्णय से क्षेत्र के किसानों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।









