इटारसी। पंजाब नेशनल बैंक के सामने से 23 अक्टूबर को जिसने बाइक चोरी की थी, वह आदतन अपराधी है और उस पर इटारसी थाना क्षेत्र में और भी अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है, जिसकी कीमत लगभग 55,000 रुपये है।
थाना प्रभारी इटारसी, गौरव बुंदेला ने बताया कि 23 अक्टूबर 2025 को फरियादी चंदन मालवीया, निवासी इटारसी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वे पंजाब नेशनल बैंक, इटारसी ब्रांच में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर को सुबह 9 बजे उन्होंने रोज की तरह अपनी मोटर साइकिल बैंक पार्किंग में खड़ी की, लेकिन गलती से चाबी निकालना भूल गए। दोपहर 2:30 बजे जब वह वापस आए, तो मोटरसाइकिल पार्किंग से गायब थी। इस संबंध में इटारसी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज किया।
सोशल मीडिया वीडियो बना आधार
चूंकि घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा था, पुलिस अधीक्षक, नर्मदापुरम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी इटारसी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने मुखबिरों की सूचना और वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान के आधार पर गहन छानबीन शुरू की।
आरोपी ने स्वीकारा जुर्म
तलाशी और पूछताछ के दौरान, पुलिस टीम ने आरोपी रोशन पिता रामकुमार ठोके, 30 साल, निवासी 12 बंगला, पुरानी इटारसी को पकड़ लिया। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ करने पर, आरोपी रोशन ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के घर, 12 बंगला रेलवे क्वार्टर के सामने पुरानी इटारसी से काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की।
आदतन अपराधी है रोशन
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी रोशन ठोके एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ इटारसी थाने में पहले से ही तीन अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी गौरव बुंदेला के साथ सहायक उपनिरीक्षक रामराव उइके, आरक्षक शाकिर खान सालकराम उइके और राजेश पवार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








