इटारसी। गिरिजाघरों में आज गुड फ्राइडे मनाया जा रहा है। मसीह समाज आज के दिन शोक मनाता है। इस दिन यीशु के क्रूस पर मरण पर चिंतन-मनन किया जाता है। विशेष रूप से प्रभु के पूरे दुख भोग को आज 14 विभिन्न स्थानों और परिस्थिति में बांटकर उस पर मनन किया जाता है, यीशु के पूरे दुखभोग का वर्णन पढ़ा जाता है। यीशु के वचनों का ध्यान किया जाता है।
यीशु ने मानव जाति के उद्धार के लिए अपने प्राण यातना सहकर न्यौछावर किये। तीसरे दिन पुनर्जीवित होकर अपने ईश्वर होने का प्रमाण दिया। पवित्र शुक्रवार से पूर्व पुण्य गुरुवार भी मनाय जाता है। कैथलिक चर्च में इसे मनाया गया। पुण्य गुरुवार इसलिए मनाया जाता है, इस दिन यीशु ने अपने शिष्यों के साथ अंतिम भोज किया, भोजन से पूर्व अपने शिष्यों के पैर धोकर सेवा की। यीशु का अनुसरण करते हुए चर्च में पुरोहित ने 12 चर्च के सदस्यों के पैर धोये एवं सेवा भाव का उदाहरण प्रस्तुत कर लोगों को सेवा करने का मनोभाव धारण करने का आह्वान किया। इस दिन प्रभु ने पुरोहिताई दिवस की स्थापना की। संसार से विदा लेने से पूर्व पुरोहित, याजक वर्ग का प्रतिनिधित्व कर उन्हें ईश्वर के पास लाने के लिए नियुक्त किया।
पवित्र सप्ताह के कार्यक्रम
- – 13 अप्रैल खजूर रविवार सुबह 08 बजे से 11 बजे तक
- – 16 अप्रैल पुण्य बुधवार शाम 06 बजे से 08 बजे तक
- – 17 अप्रैल पुण्य गुरुवार शाम 06 बजे से रात्रि 12 बजे तक
- – 18 अप्रैल पवित्र शुक्रवार सुबह 08 बजे से शाम 07 बजे तक
- – 19 अप्रैल पुण्य शनिवार पास्का जागरण रात्रि 09 बजे से मध्य रात्रि 01 बजे तक
- – 20 अप्रैल पास्का रविवार सुबह 08 बजे से 10 बजे तक, उपरोक्त सभी प्रार्थनाएं चर्च परिसर में ही सम्पन्न होगी।
- – चर्च में यह कार्यक्रम आज 18 अप्रैल शुक्रवार से शुरू होकर 20 अप्रैल रविवार तक जारी रहेगा।