इटारसी। कुसुम मालपानी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित एक विशेष समारोह में पूज्य गोवत्स राधाकृष्ण जी महाराज के कर-कमलों से श्रीमती कुसुम मालपानी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और मालपानी परिवार के सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कन्या शिक्षा को बताया सबसे बड़ा पुण्य
व्यासपीठ से संबोधन देते हुए महाराज श्री ने कहा कि जो परिवार शिक्षा और विशेषकर कन्या शिक्षा के क्षेत्र में दान देते हैं, उनका पूरा कुल भवसागर पार हो जाता है। उन्होंने कहा कि एक पुत्री दो कुलों को पवित्र करती है। उन्होंने स्कूल के बेहतर संचालन और छात्राओं पर दिए जा रहे विशेष ध्यान के लिए प्रबंधन की प्रशंसा की।
डॉ. शर्मा और मालपानी परिवार की सराहना
महाराज जी ने विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के व्यक्तित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि राजनीति में डॉ. शर्मा जैसे अच्छे लोगों की उपस्थिति से ही राजनीति शुद्ध रह सकती है। उन्होंने मालपानी परिवार द्वारा स्कूल निर्माण में दिए गए आर्थिक और नैतिक सहयोग की भी सराहना की।
स्कूल की विकास यात्रा का उल्लेख
प्रारंभ में डॉ. सीतासरन शर्मा ने बताया कि 2006 में इटारसी में कन्या शिक्षा की बड़ी समस्या थी, जिसे श्री विजय मालपानी ने स्कूल भवन हेतु आर्थिक सहयोग देकर दूर किया। डॉ. सीतासरन शर्मा, प्रदीप मालपानी, प्राचार्य हरीश मालवीय एवं रोहिणी मजूमदार ने महाराज श्री का स्वागत किया। डॉ. शर्मा और प्रदीप मालपानी ने महाराज जी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। वरिष्ठ समाजसेवी विजय मालपानी दिल्ली ने महाराज श्री और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन सचिव प्रमोद पगारे ने स्कूल की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम का संचालन किया।









