इटारसी। महिला एवं बाल विकास, नर्मदापुरम की संयुक्त संचालक श्रीमती तृप्ति त्रिपाठी ने आज मुस्कान संस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्था में निवासरत बालिकाओं से संवाद कर शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक दिनचर्या की जानकारी ली।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला भी उपस्थित रहीं। निरीक्षण के दौरान संस्था अधीक्षक श्रीमती रितु राजपूत ने संस्थागत व्यवस्थाओं की जानकारी दी। संयुक्त संचालक श्रीमती त्रिपाठी ने संस्था की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए विभागीय दिशा-निर्देशों का सतत पालन करने के निर्देश दिए।
मुस्कान संस्था के संचालक मनीष सिंह ठाकुर ने बताया कि संस्था द्वारा बालिकाओं के निवास, पुनर्वास, शिक्षा तथा 18 वर्ष से कम आयु की बेटियों को समाज की मुख्यधारा से जोडऩे हेतु कार्य किया जा रहा है। साथ ही शक्ति सदन के माध्यम से महिलाओं को विधिक सहायता, काउंसलिंग एवं स्वावलंबन हेतु रोजगार के अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं।








