पिता ने कहा, बच्चे को लगी थी चोट, मांगी थी दोबारा न होने की गारंटी
इटारसी। सोनासांवरी स्थित जीनियस प्लैनेट स्कूल के प्रबंधन ने एक अभिभावक के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम से कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्कूल संचालक मोहम्मद जाफर सिद्दीकी द्वारा सौंपे गए पत्र के अनुसार, 25 फरवरी को नर्सरी के एक छात्र की नाक से अचानक नकसीर (खून) बहने लगी थी, जिसके बाद स्कूल स्टाफ ने तुरंत उपचार कर पिता को सूचित किया ।
प्रबंधन का आरोप : वीडियो बनाकर फैलाई भ्रामक जानकारी
स्कूल प्रबंधन का दावा है कि छात्र के पिता आशीष अग्निहोत्री ने स्कूल पहुंचकर महिला स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया और स्कूल परिसर के भीतर वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भ्रामक रूप से साझा किया। संचालक का कहना है कि उनके पास घटना के समय का सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित है, जो साबित करता है कि बच्चे के साथ कोई मारपीट नहीं हुई। प्रबंधन ने आरोप लगाया कि अभिभावक राजनीतिक धौंस दिखाकर स्टाफ को डरा रहे हैं और इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप के जरिए संस्था की छवि खराब कर रहे हैं ।
अभिभावक का पक्ष : प्रबंधन ने नहीं किया सहयोग, मांगी थी सुरक्षा की गारंटी
दूसरी ओर, अभिभावक आशीष अग्निहोत्री ने इन आरोपों को नकारते हुए अपनी बात रखी है। उनका कहना है कि जब वे स्कूल पहुंचे तो बच्चे की नाक से खून बह रहा था और बच्चे ने स्वयं टीचर के सामने कहा था कि उसे मारा गया है। आशीष अग्निहोत्री ने थाने में दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने केवल सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की थी ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके, लेकिन प्रबंधन ने अभिभावकों को फुटेज दिखाना अलाऊ नहीं है, कहकर इनकार कर दिया।
अभिभावक का कहना है कि उन्होंने केवल इतना चाहा था कि स्कूल प्रबंधन आगे के लिए बच्चे की सुरक्षा का आश्वासन दे, लेकिन उनके अडिय़ल रवैये के कारण विवाद बढ़ा। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि शिक्षिका से पूछताछ की जाए और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर उन्हें न्याय दिलाया जाए। फिलहाल, पुलिस प्रशासन दोनों पक्षों के आवेदनों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की सत्यता की जांच कर रहा है।









