इटारसी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने आज वार्ड 33 में विधायक निधि से निर्माणाधीन 100 मीटर सीसी सडक़ का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और सामग्री की जांच की और संबंधित अधिकारियों को यह कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष श्री चौरे ने कहा कि परिषद की प्राथमिकता सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। यह सडक़ बन जाने से वार्डवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने गुणवत्ता से कोई समझौता न करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि रमेश धूरिया, इंजीनियर आदित्य पांडेय और गोपाल शर्मा उपस्थित रहे। वार्डवासियों ने सडक़ निर्माण शुरू होने पर खुशी व्यक्त की और नगर पालिका अध्यक्ष का आभार जताया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया।









