नर्मदापुरम। शासन के निर्देशानुसार आवारा कुत्तों को लेकर नगर पालिका युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है। आवारा कुत्तों को रखने के लिए 28 लाख की लागत से डॉग शेल्टर होम बनाया जाएगा। शेल्टर होम के लिए नगरपालिका की टीम द्वारा जगह भी चिह्नित कर ली गई है। एचएसटीपी प्लांट के पास खाली जगह में इस भवन का निर्माण किया जाएगा। जहां पर आवारा कुत्तों को रखा जाएगा।
अभियान प्रभारी अधिकारी उपयंत्री दीक्षा तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर नागरिकों को आवारा कुत्तों से सतर्क करने के लिए दु्रतगति से अभियान चलाया जा रहा है। आवारा डॉग्स को रखने के लिए 28 लाख रुपए की लागत से डॉग आश्रय गृह भी बनाया जा रहा है। जगह भी चिह्नित की गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
प्रभारी अधिकारी के रूप में स्वच्छता निरीक्षक अनुराग को नियुक्त किया गया है। साथ ही राजस्व निरीक्षक एवं सुपरवाईजर्स की टीम बनाई गई है। आवारा कुत्तों से नागरिकों को जागरूक कर रही है। वेटनरी डाक्टर्स की मदद से आवारा कुत्तों के लिए वैक्सीनेशन की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। प्रभारी अधिकारी श्रीमती तिवारी ने बताया कि आवारा कुत्तों को पकडऩे के लिए डॉग केचर वाहन के साथ ही टीम तैयार कर ली गई है।










