इटारसी। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर पालिका के जल कार्य विभाग द्वारा एक नवाचार किया जा रहा है। नगर के उन इलाकों में जहां जल संकट संभावित होता है, नलकूपों के पास रिचार्ज पिट बनाये जा रहे हैं। इनके माध्यम से भूमिगत जलस्तर को बढ़ाकर नलकूपों की लाइफ बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है, कि नगर के अनेक इलाके ऐसे हैं जहां गर्मी का आधा सीजन आने पर ही जलसंकट होने लगता है, यहां जलस्तर काफी नीचे जाने से नगर पालिका के नलकूप पानी देना बंद कर देते हैं। ऐसे स्थानों के नलकूपों को रीचार्ज करके उनको गर्मी भर पानी देने लायक बनाने की दिशा में जलकार्य विभाग ने कदम उठाया और इनके आसपास रीचार्ज पिट बनाये जा रहे हैं।
आज नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे ने ऐसे रीचार्ज पिट बनाने के काम का निरीक्षण किया। अध्यक्ष श्री चौरे सूरजगंज में वार्ड क्रमांक 15 में पहुंचे जहां नलकूप पर रीचार्ज पिट बनाने का काम चल रहा था। उन्होंने बताया कि इन रीचार्ज पिट बनाने का फायदा आगामी गर्मी के मौसम में मिलेगा, जो वर्षाजल से रीचार्ज होकर जलस्तर को बढ़ायेंगे। इस मौके पर कृषि उपज मंडी में विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र पटैल भी उनके साथ रहे।









