इटारसी। शहर की सामाजिक और धार्मिक संस्था श्री श्रीजी कृपा गौशाला समिति द्वारा गौ सेवा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। 22 दिसंबर 2025, सोमवार को न्यास कॉलोनी स्थित गौशाला परिसर में गौवंश के लिए नवनिर्मित आधुनिक शेड का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा।
महाराज श्री का सानिध्य और विधायक द्वारा लोकार्पण
इस कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण के रूप में अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास परम पूज्य गोवत्स श्री राधाकृष्ण महाराज उपस्थित रहेंगे। उनके पावन सानिध्य में यह आयोजन संपन्न होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक एवं समिति अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा द्वारा नए शेड का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।
जनसहयोग से साकार हुआ प्रकल्प
समिति के रमेश चांडक ने बताया कि श्री द्वारिकाधीश राम जानकी मंदिर समिति और स्थानीय नागरिकों के जनसहयोग से संचालित इस गौशाला में गायों की सुविधा के लिए इस नए शेड का निर्माण कराया गया है। यह लोकार्पण समारोह प्रात: 10 बजे से शुरू होगा। श्री श्रीजी कृपा गौशाला समिति, इटारसी ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी जनता और गौ-सेवकों से इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होने का विनम्र आग्रह किया है।









