इटारसी। मध्य प्रदेश शासन की योजना के अंतर्गत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने की सुविधा हेतु नि:शुल्क साइकिल वितरण किया गया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोमलवाड़ा 4 बालक, 1 बालिका एवं हिरनखेड़ा 5 बालक, 3 बालिका में द्वितीय चरण का वितरण संपन्न हुआ। ग्राम पंचायत हिरनखेड़ा की सरपंच अमृता लिटोरिया ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।
साइकिल मिलने से छात्रों के समय की बचत होगी और वे बेहतर ढंग से अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे सकेंगे। इस अवसर पर पूर्व सरपंच विनय हर्णे, समाजसेवी रवि गोरे, आशुतोष लिटोरिया, संकुल प्राचार्य राकेश साहू, संस्था प्राचार्य राममोहन रघुवंशी सहित शिक्षक राजेश देवडिय़ा, वीरेंद्र यादव व अन्य स्टाफ मौजूद रहा।









