इटारसी। तवानगर रोड पर एक बार फिर बाघ देखा गया, जिससे इलाके में रहने वाले लोगों और यात्रियों में चिंता बढ़ गई है। प्रकृति प्रेमी आकाश यादव और राहुल दुबे के साथ-साथ वैन चालक टीजू मैथ्यूज ने इस घटना का वीडियो बनाया है, जिसमें बाघ घात लगाकर एक गाय का शिकार करता हुआ दिखाई दे रहा है।
23 सितंबर, 2025 की सुबह लगभग 6 बजे, टीजू मैथ्यूज अपने स्कूल वैन से बच्चों को लेकर इटारसी आ रहे थे, तभी तवानगर टावर और नाके के बीच उन्होंने बाघ को देखा। इस दौरान प्रकृति प्रेमी आकाश यादव और राहुल दुबे भी वहीं मौजूद थे। वैन चालक ने इस पूरे दृश्य को अपने कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो के अनुसार, बाघ की लंबाई लगभग 5 फीट और ऊंचाई 4 फीट है। वन विभाग से अपील इस घटना के बाद, वैन चालक और इटारसी डिस्कवरी के ब्लॉगर आकाश यादव तथा राहुल दुबे ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
उन्होंने निवेदन किया है कि तवानगर रोड के किनारे लगे ऊंचे खरपतवार और झाडिय़ों को तुरंत काटा जाए। उनका कहना है कि इस रोड से सुबह-शाम कई मजदूर, कर्मचारी और सैलानी पैदल या बाइक से आते-जाते हैं और ये ऊंची झाडिय़ां किसी भी अनहोनी का कारण बन सकती हैं। उन्होंने यात्रियों से भी अपील की है कि वे इस मार्ग पर सावधानी बरतें। लोगों ने मांग की है कि कोई बड़ी घटना हो इससे पहले बाघ को पिंजरा लगाकर पकड़ें और एसटीआर में छोड़ा जाए।









