- अतुल पंडित की आवाज पर झूमे पर्यटक, राजा रेंचो के ठहाकों से गूंजी वादियां
पचमढ़ी। ‘सतपुड़ा की रानी’ पचमढ़ी इन दिनों न केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता, बल्कि मनोरंजन के सतरंगी रंगों से भी पर्यटकों को सराबोर कर रही है। पचमढ़ी महोत्सव-2025 के अंतर्गत आयोजित मेला परिसर संगीत, नृत्य, जादू और हास्य के अद्भुत मेल से जीवंत हो उठा है। साल के अंतिम दिनों में यहां पहुंचे हजारों सैलानी इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं।
जादू और माइंड रीडिंग ने किया स्तब्ध
मेले में इस बार ‘मैजिक शो’ आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। मशहूर जादूगर और माइंड रीडर ने जब मंच पर अपनी रहस्यमयी कलाओं का प्रदर्शन किया, तो दर्शक अवाक रह गए। माइंड रीडिंग के हैरतअंगेज कारनामों ने न केवल बच्चों बल्कि बड़ों को भी दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। तालियों की गूंज ने पूरे मेला परिसर को उत्साह से भर दिया।
राजा रेंचो के ठहाकों से महफिलों में आई जान
हास्य के तडक़े ने पर्यटकों की थकान मिटा दी। जाने-माने स्टैंडअप कॉमेडियन राजा रेंचो ने अपने चुटीले संवादों और व्यंग्यपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। राजा रेंचो की कॉमिक टाइमिंग और हास्य कला के चलते पूरा परिसर ठहाकों से गूंजता रहा।
शास्त्रीय गरिमा और बॉलीवुड का तडक़ा
- नृत्य : शास्त्रीय नृत्यांगना सुश्री ऋतंभरा कुशवाहा ने अपनी भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके उपरांत बॉलीवुड गीतों पर हुई आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
- संगीत : गायकी के क्षेत्र में जतिन श्रॉफ और लक्ष्मी सिंह की मधुर आवाज ने समां बांध दिया। वहीं, मुंबई से आए प्रसिद्ध गायक अतुल पंडित की दमदार प्रस्तुति ने महोत्सव की भव्यता में चार चांद लगा दिए। उनकी गायकी पर सैलानी देर रात तक झूमते नजर आए।
पर्यटकों के लिए बना यादगार अनुभव
पचमढ़ी महोत्सव का यह मेला अब अपने चरम पर है। स्थानीय प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं और इन शानदार प्रस्तुतियों ने पचमढ़ी की यात्रा पर आए पर्यटकों के लिए इसे एक यादगार अनुभव बना दिया है। संगीत की धुनों और ठंडी हवाओं के बीच पचमढ़ी महोत्सव का रंग अब और गहरा होता जा रहा है।








