इटारसी। इबादत के मुकद्दस महीने में जहां बड़े-बुजुर्ग पूरी शिद्दत के साथ रोजे रख रहे हैं, वहीं बच्चों में भी खुदा की इबादत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अवाम नगर क्षेत्र के दो नन्हे बालकों ने इस भीषण गर्मी और लंबी प्यास के बावजूद पूरे रोजे रखने का संकल्प लिया है।
कम उम्र में बड़ी इबादत
अवाम नगर निवासी राहिल खान पुत्र राशिद खान और आहिल खान पुत्र अनीश खान ने मात्र 10 वर्ष की अल्पायु में इस साल के सभी रोजे रखने का सिलसिला शुरू किया है। सुबह सहरी से लेकर शाम को इफ्तार तक, दोनों बच्चे पूरी पाबंदी और अनुशासन के साथ रोजे के नियमों का पालन कर रहे हैं।
पिछले वर्ष भी पूरे किए थे रोजे
परिजनों ने बताया कि बच्चों का यह जज्बा नया नहीं है, पिछले साल भी राहिल और आहिल ने पूरी हिम्मत दिखाते हुए सभी रोजे मुकम्मल किए थे। उनके इस हौसले और धार्मिक निष्ठा को देखकर परिवार के सदस्यों और क्षेत्र के लोगों में काफी खुशी है।
बड़ों के लिए प्रेरणा
बचपन की इस कच्ची उम्र में भूख और प्यास पर काबू पाकर खुदा की राह में समर्पित होना समाज के लिए एक प्रेरणा है। क्षेत्र के बड़े-बुजुर्गों ने दोनों नन्हे रोजेदारों की हौसला अफजाई करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और लंबी उम्र की दुआएं दी हैं।









