इटारसी। सूरज आग उगल रहा है। पारा अब 44 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर चुका है, कल शनिवार को यह 45 डिग्री को भी पार कर जाएगा। 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक लगातार यह 45 डिग्री के पार ही रहेगा। गर्म हवाएं परेशान कर रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्य का ख्याल रखना बेहद जरूरी हो जाता है। मौसम गर्म है, लू का प्रकोप प्रारंभ हो चुका है।
आज शुक्रवार को इटारसी नगर का तापमान 44.7 डिग्री रहा। शनिवार को यह अधिकतम 45.5 और न्यूनतम 27.5 डिग्री रहने की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। इसी तरह से 20 अप्रैल को अधिकतम 44.8, न्यूनतम 25.8 डिग्री, 21 अप्रैल को अधिकतम 45.1 और न्यूनतम 25 डिग्री, 22 अप्रैल को 45.4 और 24.6 डिग्री, 23 को 45.5 और 24.6 डिग्री तथा 24 अप्रैल को अधिकतम 45.8 और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान ज्यादातर समय मौसम साफ ही रहेगा।