इटारसी। इटारसी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2025 के बीच चोरी और मारपीट की गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने इन मामलों में अज्ञात और नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तिरूपति कॉलोनी में 1.60 लाख की चोरी तिरूपति कॉलोनी में 69 वर्षीय कृष्ण गोपाल पिता गोविंददास महेश्वरी के घर से लाखों की चोरी हुई है। 21 अक्टूबर 25 को शाम 4:30 बजे से 23 अक्टूबर 25 की दोपहर 2:00 बजे के बीच अज्ञात आरोपी ने फरियादी के घर से चोरी को अंजाम दिया। चोरों ने पुराने इस्तेमाली सोने, चांदी व डायमंड के जेवरात के साथ नगदी पैसे चुराए, जिसकी कुल कीमत 1,60,000 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर मामला दर्ज किया है।
ऑटो को धक्का लगाने को लेकर मारपीट
न्यास कॉलोनी और सांई मंदिर के पास ऑटो को धक्का लगाने की मामूली बात पर मारपीट की घटनाएं सामने आईं, जिनमें पीडि़तों को चोटें आईं और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। अनुभव भदौरिया उम्र 30 साल और उनके साथियों के साथ शंकर चौरे और एक अन्य साथी ने गंदी गंदी गालियां दीं और हाथ मुक्कों व डंडे से मारपीट कर चोट पहुंचाई। इसी तरह से न्यास कॉलोनी में, दुगो बाई (उम्र 55 साल) की शिकायत पर अनुभव पिता जयसिंह भदौरिया के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। आरोपी ने ऑटो को धक्का लगाने की बात पर गाली दी, बेसबॉल के डंडे से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।








