इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा आयोजित अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन आज तीन बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले खेले गए। इन मैचों में दर्शकों को दमदार आक्रामकता और एकतरफा जीत दोनों का मिश्रण देखने को मिला। सभी मैचों का संचालन अनुभवी निर्णायकों की टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।
- – डीएचए इंदौर ने बैतूल को संघर्षपूर्ण मुकाबले में हराया: दिन का पहला मुकाबला इंदौर और बैतूल के बीच खेला। मैच की शुरुआत में ही बैतूल के खिलाड़ी अभय ने शानदार फील्ड गोल करके अपनी टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद इंदौर की टीम दबाव में आ गई और उसने लगातार शॉर्ट कॉर्नर अर्जित किए, लेकिन गोल में तब्दील करने में सफलता नहीं मिली। तीसरे क्वार्टर में इंदौर के उमर ने गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर किया। अंतत: इंदौर के औरंगजेब ने किया। निर्णायक गोल मैच का पासा पलट गया, जिसकी बदौलत डीएचए इंदौर ने यह कांटे का मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया।
- – सिवनी की आक्रामक जीत : प्रतियोगिता का दूसरा मैच सिवनी और दमोह के मध्य खेला गया, जो पूरी तरह से एकतरफा रहा। हालांकि, पहले क्वार्टर में दमोह की टीम ने गोल करके बढ़त बना ली थी, लेकिन इसके बाद सिवनी की टीम ने अपनी आक्रामकता का गियर बदला। सिवनी ने विरोधी टीम पर लगातार गोल दागते हुए बड़ा दबाव बनाया और दमोह को 8-1 के विशाल अंतर से पराजित कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
- – घरेलू टीम अमर ज्योति क्लब इटारसी का दबदबा: दिन का तीसरा और अंतिम मुकाबला स्थानीय टीम अमर ज्योति क्लब इटारसी और जबलपुर के बीच खेला गया। इटारसी की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा। पहले हाफ तक इटारसी ने 2-0 की अच्छी बढ़त बना ली थी, जिसमें पहला गोल गोलू भाटिया ने किया। दूसरे हाफ में मयंक जेम्स और अन्य खिलाडिय़ों के शानदार तालमेल और प्रदर्शन की बदौलत इटारसी ने तीन और गोल दागे। शानदार टीम वर्क के दम पर अमर ज्योति क्लब इटारसी ने यह मुकाबला 5-0 के बड़े अंतर से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
निर्णायक एवं अतिथि
इन रोमांचक मुकाबलों में संजय गुप्ता, फैजान, पवन कुमार एवं ब्रजेश यादव ने निर्णायक की भूमिका बखूबी निभाई। प्रथम मैच में मुख्य अतिथि के रूप में नगर मंडल भाजपा इटारसी के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि दूसरे मैच मेें भाजपा जिला महामंत्री मुकेश चंद्र मैना, डॉ. संजय गुप्ता, भरत वर्मा, पंडित अनिल मिश्रा और मन्नी छाबड़ा मौजूद रहे।









