इटारसी। मध्यप्रदेश के प्रमुख रेल जंक्शन पर आज रेलवे के वाणिज्य विभाग ने टिकट चैकिंग अभियान में 428 यात्रियों को पकड़कर उनसे 2.70 लाख रुपए का जुर्माना वसूल किया है। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में भोपाल मंडल द्वारा अनियमित यात्राओं पर रोक लगाने एवं अधिकृत यात्रियों को सुगम सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष टिकट जांच अभियानों का संचालन किया जा रहा है।
आज इटारसी स्टेशन पर प्रात: 06 बजे से दोपहर 02 बजे तक टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का संचालन अरुण श्रीवास्तव, मुख्य टिकट निरीक्षक, भोपाल के नेतृत्व में 31 टिकट चेकिंग स्टाफ के सहयोग से किया गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के बाहर जाने वाले सभी मार्गों की घेराबंदी की गई, जिससे बिना जांच कोई भी यात्री बाहर न निकल सके।
इस चेकिंग अभियान के अंतर्गत कुल 33 ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की जांच की गई।
जांच में 202 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पाए गए, जिनसे 1,59,815 रुपए वसूले। 224 यात्री अनुचित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिनसे 1,10,355 रुपए की वसूली की गई। इसके अतिरिक्त 2 मामलों में यात्रियों द्वारा बिना बुकिंग सामान ले जाने या गंदगी फैलाने के आरोप में 200 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 428 मामलों से 2,70,370 रुपए का रेल राजस्व प्राप्त हुआ।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इस प्रकार के टिकट जांच अभियान रेलवे की ओर से यात्रियों में जागरूकता लाने एवं अनुशासन बनाए रखने का प्रभावी प्रयास हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा से पूर्व वैध टिकट अवश्य लें। प्रतीक्षा सूची ई-टिकट एवं प्लेटफॉर्म टिकट पर यात्रा करना अनुमन्य नहीं है। यात्री ढ्ढक्रष्टञ्जष्ट की वेबसाइट, मोबाइल ऐप अथवा ञ्जस् ऐप के माध्यम से आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।