- कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री जायसवाल ने किया सिल्क टेक पार्क पचमढ़ी का भ्रमण
नर्मदापुरम। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग दिलीप जायसवाल ने सिल्क टेक पार्क पचमढ़ी का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान श्री जायसवाल ने प्राकृत सिल्क शोरूम व पचमढ़ी में मूंगा रेशम उत्पादन की गतिविधियों का अवलोकन किया। साथ ही प्रदेश के एक मात्र रेशम बीज उत्पादन केन्द्र की गतिविधियों का सूक्ष्म अवलोकन किया।
श्री जायसवाल ने पचमढ़ी केन्द्र को प्रोजेक्ट मोड में विकसित करने की आवश्यकता प्रतिपादित की तथा प्राकृत सिल्क शोरूम की बिकी बढ़ाने हेतु इसे फॉरेस्ट के टूरिज्म सर्किट से सिल्क टेक पार्क को जोडऩे की बात की है, जिसकी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रशंसा की गई। उन्होंने पचमढ़ी रेशम को बढ़ाने के लिए टूरिज्म सर्किट में जोडऩे के लिए कहा है। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विभागीय मंत्री से अपेक्षा की है कि रेशम का तीव्र विकास किया जाए, जिसमें पचमढ़ी का रेशम देशभर में जाना जाए तथा इससे अधिक से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर सृजित हों।
इस दौरान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा की धर्मपत्नी ने भी प्राकृत शोरूम तथा रेशम केन्द्र का भ्रमण किया, साथ ही राज्य मंत्री नगर एवं आवास विकास मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी व पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग राज्य मंत्री श्रीमती राधारानी सिंह ने भी रेशम केन्द्र तथा प्राकृत शोरूम पचमढी का भ्रमण किया। पचमढ़ी प्रदेश का मात्र केन्द्र है, जहां चारों प्रकार का रेशम होता है।