- रात में 20 मिनट की बारिश के साथ ही गुल हुई बिजली, ठंड नदारद
इटारसी। शहर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात मौसम ने अचानक करवट ली। रात करीब 12:30 बजे गरज-चमक के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने करीब 20 मिनट तक शहर को भिगोया। हालांकि, बारिश शुरू होते ही शहर के अधिकांश हिस्सों की बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ठंड नहीं बढ़ी, सुबह धूप चटकी
हैरानी की बात यह रही कि बारिश के बाद जिस कड़ाके की ठंड की उम्मीद की जा रही थी, मौसम उसके ठीक विपरीत रहा। सुबह जमीन तो गीली मिली, लेकिन हवाएं लगभग शांत थीं और वातावरण में ठंडक की जगह हल्की उमस महसूस की गई। न्यूनतम तापमान में वह गिरावट दर्ज नहीं हुई जो आमतौर पर जनवरी की बारिश के बाद देखी जाती है।
कैसा रहेगा नर्मदापुरम का मौसम?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताज़ा बुलेटिन और स्थानीय वेदर डेटा के अनुसार, नर्मदापुरम जिले और इटारसी में आगामी 48 घंटों का पूर्वानुमान अनुसार अगले 24 घंटों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। बारिश की संभावना अब कम है, लेकिन कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में हवाओं का रुख बदलने के कारण ठंड गायब है, लेकिन अगले 48 घंटों में उत्तरी हवाओं के सक्रिय होने से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। यानी कल रात से ठंड फिर से अपनी दस्तक देगी।
बारिश के कारण नमी बढऩे से सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी (दृश्यता) प्रभावित हो सकती है। 29 और 30 जनवरी से मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है, जिसके बाद दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और रात में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।









