इटारसी। पिछले दिनों जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पिछले दिनों हुए आतंकी हमले में देश के कई नागरिक आतंकी वारदात में अपनी जान गंवा चुके हैं। हमले में मारे गए नागरिकों को श्रद्धांजलि देने एवं उनके शोक संतृप्त परिवारों को सांत्वना देने श्री हनुमान धाम मंदिर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की मूर्ति के समक्ष दो मिनट का मौन रखकर इस हमले में मारे गए हमारे देशवासियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी नरेन्द्र तिवारी ने सभा का संचालन करते हुए कहा कि हमारे देश के बेकसूर नागरिक जो सैर सपाटे के लिए गए थे, उन मासूम लोगों पर आतंकियों ने क्रूरता दिखाते हुए बेरहमी से उनकी हत्या कर दी। इस हमले में कई परिवार बर्बाद हो गए, कई महिलाओं का सुहाग उजड़ गया, कई परिवारों की गृहस्थी तबाह हो गई, इसके बावजूद आतंकियों ने कोई तरस नहीं खाया, ऐसे परिवारों के लिए पूरा देश और मंदिर समिति से जुड़े श्रद्धालु सांत्वना प्रदान करने के लिए हनुमान जी से प्रार्थना करते हैं। प्रभु शोक संतृप्त परिवारों को ताकत प्रदान करे, साथ ही हनुमान जी सीमा पर इस देश की रक्षा करें।
तिवारी ने कहा कि हम भगवान से प्रार्थना करें कि भविष्य में इस तरह की अनहोनी हमारे देश में न हो, साथ ही हमारी सेनाओं एवं सरकार को भगवान इतनी ताकत दे कि हम इस हमले का बदला ले सकें। पूरा देश भारतीय सेना के साथ खड़ा है। समिति सदस्य लखन बैस ने कहा कि इस हमले के बाद पूरे देश में शोक का माहौल है, जो लोग इस हमले में मारे गए, उनके परिवारों की हालत खराब है। सभी श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समापन अवसर पर सत्तू अमावस्या के अवसर पर सत्तू का प्रसाद बांटा गया।









